Follow Us:

बारिश का कहरः बिहार में बाढ़ से अब तक 29 लोगों की मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

बिहार के कई जिलों में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। नेपाल से सटे राज्य के सीमावर्ती इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जानलेवा रूप ले लिया है। बिहार में बाढ़ से अब तक 29 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ से बिहार के 8 जिले प्रभावित हैं, तो वहीं 12 लाख से ज्यादा की जनसंख्या बाढ़ग्रस्त इलाकों में है। बिहार के जिन इलाकों में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर है।

बाढ़ की समीक्षा करने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने प्रभावित इलाकों का दौरा भी किया था। नीतीश कुमार ने रविवार को हवाई दौरा करने के बाद राहत और बचाव के काम में तेजी लाने का निर्देश जारी किया। सीएम नीतीश ने शिवहर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, मघुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर का हवाई सर्वे किया था। इस दौरान सीएम के साथ जल संसाधन मंत्री भी मौजूद थे। बिहार में बाढ़ पीड़ितों को बचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी लगी है।

बाढ़ से अररिया में अबतक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, तो वहीं मोतिहारी में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 10 है। सीतामढ़ी में बाढ़ से अबतक 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि किशनगंज में मौत का आंकड़ा तीन है। दरभंगा में बाढ़ से अब तक दो की मौत की खबर है। वहीं, शिवहर में बाढ़ से अबतक एक शख्स की मौत हुई है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। लोग प्रभावित इलाकों से निकल कर सड़कों पर शरण लिए हैं।