Follow Us:

सोलन: शमशानघाट में पूजा की आड़ में महिला से दुष्कर्म, तांत्रिक गुरु-चेला गिरफ्तार

पी. चंद |

शमशानघाट में पूजा की आड़ में तांत्रिक गुरु-चेले ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने धमखड़ी (कनाह) के रहने वाले कथित तांत्रिक ज्ञान प्रकाश (56) और चेले ज्ञान चंद (42) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि बेटे की बीमारी से परेशान महिला तांत्रिक के पास पहुंची थी।

रविवार को तांत्रिक ने महिला को कहा कि शमशानघाट में पूजा करवानी होगी, पीडि़ता को वहीं रुकने के लिए कहा गया। शाम के वक्त पूजा के बहाने महिला को गाड़ी में बिठाकर सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के नारग लेकर पहुंच गए। यहां कमरे में महिला से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस जब तांत्रिक को गिरफ्तार करने वहां पहुंची उस समय भी करीब 50 लोग पूजा-पाठ के लिए वहां पहुंचे हुए थे।

इस घटना के बाद पुलिस भी चाहती है कि लोग तांत्रिकों के झांसे में न आएं। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सामूहिक बलात्कार का मामला आईपीसी की धारा-376 (2जी) के तहत दर्ज किया है। इसके अलावा आईपीसी की धारा-420, 365, 366, 342, 120बी और 506 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि महिला को नारग में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। गौरतलब है कि गिरफ्तार तांत्रिकों के एक साथी के खिलाफ पहले भी दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।