Follow Us:

असम, बिहार और यूपी में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 109 की मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में स्थिति भयावह है।असम में बाढ़ ने भारी मात्रा में तबाही मचाई है। प्रदेश की स्थिति काफी खराब है और 33 में से 30 जिले इससे प्रभावित हैं। जानकारी के मुताबिक, असम में बाढ़ और लैंडस्लाइड से तकरीबन 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 52 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी का कहना है कि 4,663 गांव के 52.6 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम के अलावा बिहार और यूपी के कई इलाके भी बाढ़ से ग्रस्त हैं।

यूपी, बिहार और असम में स्थिति सबसे अधिक नाजुक है। बिहार में 12 जिलों में आई बाढ़ से अब तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 46 लाख 83 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। उधर, यूपी में लगातार हो रही भारी बारिश और नेपाल की ओर से आ रहे बहाव के चलते नदियां उफान पर हैं। कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वर्षाजनित हादसों में अब तक करीब 14 लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ से अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है और 57 लाख लोग प्रभावित हैं।

भारी बारिश के बाद नेपाल ने वाल्मिकी बैराज से करीब 1.94 लाख क्यूसेक पानी छोड़कर एक बार फिर पूर्वांचल को खतरे में डाल दिया है। नेपाल के पानी छोड़ते ही पूर्वांचल के 8 जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है। पूर्वांचल के गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, खीरी और पीलीभीत में अलर्ट जारी किया गया है।