Follow Us:

अब क्रिकेट पर पड़ा कश्मीर के बिगड़े हालातों का असर, पठान से फौरन घाटी छोड़ने की अपील

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारत के ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के अन्य सहयोगी स्टाफ से अनुरोध किया गया है कि, भारत सरकार द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों के मद्देनजर वे सभी जल्द से जल्द से घाटी छोड़ दें। पठान जम्मू-कश्मीर टीम से जुड़े हुए हैं। कोच मिलाप मेवड़ा और ट्रेनर सुदर्शन वीपी भी रविवार को राज्य छोड़ सकते हैं।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक जेकेसीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैयद आशिक हुसैन बुखारी ने कहा कि, पठान और अन्य सहायक कर्मचारियों को जम्मू-कश्मीर छोड़ने की सलाह दी गई है। वे रविवार को घाटी से उड़ान भरेंगे। टीम के चयनकर्ताओं को भी अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना होने के लिए कहा गया है।

यह घरेलू सत्र से पहले जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए बड़ा झटका हो सकता है, क्योंकि 17 अगस्त से दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट शुरू हो रहा है। इसके बाद 50 ओवर का घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी भी खेला जाएगा और रणजी ट्रॉफी का लीग राउंड नौ दिसंबर से शुरू होने वाला है।

राज्य में मची उथल-पुथल ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के सभी क्रिकेट गतिविधियों को निलंबित करने और यहां तक कि 100 से अधिक क्रिकेटर्स को घर जाने को मजबूर हैं, जो कि श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में डेरा डाले हुए थे।