Follow Us:

कांग्रेस को नहीं मिला विकल्प, सोनिया गांधी के नाम पर लगाई अध्यक्ष पद की मुहर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस में दो महीने से चला आ रहा संकट आखिरकार शनिवार को सोनिया गांधी के अंतरिम अध्यक्ष बनने के साथ समाप्त हो गया। कार्यसमिति की दिनभर चली बैठक के बाद पार्टी की कमान एक बार फिर सोनिया गांधी को सौंपने का फैसला किया गया। साथ ही अध्यक्ष पद से राहुल गांधी का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया गया। इस्तीफा वापस लेने का कांग्रेस नेताओं का अनुरोध मानने से राहुल गांधी के साफ इंकार के बाद कांग्रेस कार्यसमिति ने सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया। 1998 से 2017 तक सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष पद संभाल चुकीं सोनिया गांधी को ये जिम्मेदारी फिर से सौंपी गई है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि राहुल गांधी द्वारा पार्टी नेताओं का आग्रह विनम्रता से अस्वीकार किए जाने के बाद सीडब्ल्यूसी ने सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया। वह नए अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी निभाएंगी। बैठक के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष होंगी। कांग्रेस जल्द ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की बैठक बुलाकर नए अध्यक्ष के लिए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर देगी। हालांकि, इसकी कोई समय सीमा नहीं बताई है।