Follow Us:

धरती को छोड़ चंद्रमा की तरफ बढ़ा चंद्रयान-2

समाचार फर्स्ट डेस्क |

चंद्रयान-2 अपने मिशन पर लगातार आगे बढ़ रहा है। अब वह दिन भी दूर नहीं है जब चंद्रयान-2 चंद्रमा पर उतरेगा। आज तड़के 2:21 बजे चंद्रयान-2 धरती की कक्षा से बाहर निकलकर चांद की तरफ आगे बढ़ने लगा है। इंडियन स्पेस रीसर्च ऑर्गनाइजेशन ने ट्रांस लूनर इंजेक्शन प्रक्रिया के तहत इसे पूरा किया। चंद्रयान 2 अब चंद्रमा से 3.84 किलोमीटर दूर है। उम्मीद की जा रही है कि ये अगले 7 दिनों में यानी 20 अगस्त को चंद्रमा के और करीब पहुंच जाएगा। इसके बाद 7 सितबंर को ये चांद की सतह पर उतर जाएगा। ट्रांस लूनर इंजेक्शन प्रक्रिया के दौरान स्पेसक्राफ्ट का लिक्विड इंजन 1,203 सेकंड के लिए फायर किया गया। इसके बाद 22 दिन तक धरती की कक्षा में रहने के बाद चंद्रयान 2 चांद की ओर निकल पड़ा।

बता दें कि 3850 किलोग्राम के चंद्रयान-2 में तीन हिस्से हैं, जिसमें एक ऑर्बिटर, लैंडर और रोवर है। अभियान के तहत 22 जुलाई को प्रक्षेपण कार्यक्रम के बाद सात सितंबर को यह चंद्रमा की सतह पर पहुंचेगा। 22 जुलाई को चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण के बाद अब तक पांच बार प्रक्रिया को अंजाम दिया गया है।

चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग के बाद सभी भारतीयों को उस पल का इंतजार है, जब ये स्वदेशी यान सॉफ्ट लैंडिंग करते हुए चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचेगा। चंद्रयान-2 के साथ ऑर्बिटर भी गया है जो चंद्रमा की परिक्रमा करेगा और रोवर तथा इसरो के बीच संपर्क बनाए रखेगा। इसरो ने बताया था कि ऑर्बिटर एक साल तक चंद्रमा का चक्कर लगाएगा, लेकिन अब इसके दो साल तक काम करने का अनुमान लगाया जा रहा है।