Follow Us:

बिलासपुरः लैंडस्लाइड की चपेट में आया कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत

सुनील ठाकुर, बिलासपुर |

बिलासपुर में हुई भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-205 पर देखने को मिला है। भारी बारिश के चलते जहां स्वारघाट से बिलासपुर तक जगह-जगह लैंडस्लाइड हुआ। जिसके कारण लगभग 5 हजार यात्री जाम में फसे हुए थे। वहीं, छाड़ोल के पास हुए भारी लैंडस्लाइड की चपेट में एक कैंटर आ गया और पहाड़ी के मलबे के साथ कई फ़ीट नीचे गहरी खाई में चला गया जिसमे कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गयी।

जिला प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर 3 से 4 घंटों तक रेस्क्यू चलाया। तब जाकर मृतक चालक का शव बरामद हुआ। इस बात की जानकारी देते हुए बिलासपुर के कार्यकारी उपायुक्त विनय धीमान ने बताया की मृतक चालक का नाम अजेंद्र सिंह है जो की जीरकपुर का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते अभी तक विभिन्न विभागों सहित लोगों के घरों और खेतों को मिलाकर 20 करोड़ का नुकसान हुआ है।

साथ ही चंडीगढ़-मनाली एनएच-205 को केवल छोटी गाड़ियों के लिए खोले जाने की बात कही जबकि बड़ी गाड़ियों की सोमवार को आवाजाही शुरू की जाएगी। जिले में जगह-जगह हुए लैंडस्लाइड के मामलों को देखते हुए 19 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के भी कार्यकारी उपयुक्त विनय धीमान ने आदेश जारी किये है।