Follow Us:

जयराम सरकार ने भुला दिये हैं चुनावी वादे, युवा कांग्रेस करेगी नेताओं के आवास का घेराव

सुनील ठाकुर |

युवा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में अब मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आवासों का घेराव करेगी। यह बात युवा कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी जगदेव गागा ने नैनादेवी में कही। उन्होंने कहा कि हाल ही में युवा कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव किया था और जमकर प्रदर्शन किया था। आने वाले समय में युवा कांग्रेसी प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और तेज करेगी क्योंकि प्रदेश सरकार ने जो चुनावों में वायदे किए थे लोगों के साथ युवाओं के साथ उस पर खरे नहीं उतरे हैं। चुनावों के दौरान किए गए सभी वादों को प्रदेश सरकार ने भुला दिया है।

जहां पर उन्होंने बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कही थी, वहीं पर आज बेरोजगारों की संख्या लगातार बढ़ती चली जा रही है। उन्होंने बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान के तहत लोगों से वोट लिए थे लेकिन आज प्रदेश में बेटियों के साथ जो अत्याचार हो रहे हैं उनके मामले बढ़ते चले जा रहे हैं। प्रदेश में सेब उत्पादन मुख्य व्यवसाय है लोगों का और प्रदेश की सड़कें खस्ताहाल है जिस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस सरकार के समय में घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं जबकि विकास के कार्य ठप पड़ गए हैं। युवा कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है और युवा अपनी लड़ाई अपना अभियान जारी रखेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री को उन्होंने ज्ञापन सौंपा हैं उस पर अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुयी तो आने वाले समय में मंत्रियों के और मुख्यमंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा ताकि युवाओं को न्याय मिल सके और प्रदेश की जनता का विकास हो सके।