Follow Us:

PGI से डिस्चार्ज हुए पूर्व CM वीरभद्र सिंह, सरकारी हेलिकॉप्टर में लाए गए शिमला

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह पीजीआई चंडीगढ से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। स्वस्थ होने के बाद गुरुवार को उन्हें पीजीआई से छुट्टी दे दी गई। वीरभद्र सिंह को शिमला के आईजीएमसी अस्पताल से चंडीगढ़ रेफर किया गया था। बता दें कि गुरुवार को शिमला से हिमाचल सरकार का सरकारी हेलिकॉप्टर उन्हें लाने के लिए चंडीगढ़ भेजा गया था, जो कि उन्हें लेकर शिमला पहुंच गया है।

22 दिन बाद मिली छुट्टी

जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को शिमला से चंडीगढ़ रेफर किया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। इससे पहले वह करीब तीन दिन तक आईजीएमसी में भर्ती रहे थे। अब 22 दिन बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई से छुट्टी दी गई है।

सोनिया गांधी और सुखराम ने जाना था हाल

पीजीआई में इलाज के दौरान पूर्व सीएम का हाल जानने उनके धुर विरोधी रहे पंडित सुखराम भी पहुंचे थे। इसके अलावा, कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी ने भी फोन कर उनका हाल जाना था। वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल ने भी पीजीआई पहुंचकर उनकी सेहत की जानकारी ली थी।