Follow Us:

शांता बोले- दिल्ली का प्रदूषण देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती

मनोज धीमान |

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने दिल्ली के प्रदूषण को देश की चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए यह बड़े दुर्भाग्य कि बात है कि आज देश की राजधानी दिल्ली की हवा और पानी में जहर है। दिल्ली में गंदगी के ढेर लगे हैं जो पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। जल्द ही इसका कोई समाधान निकाला जाना चाहिए। इसका सबसे बड़ा कारण बढ़ती आबादी का विस्फोट है। शांता आज धर्मशाला के सराह में निजी स्कूल के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।

शांता कुमार ने कहा कि आज देश की आबादी 34 करोड़ से बढ़कर 141 करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि जब तक हम आबादी घटाने की दिशा में काम नहीं करेंगे इन सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में कुछ भी कर लें, गाड़ियां बढ़ रही हैं, जितनी कोशिश की जाती है, उतना प्रदूषण बढ़ रहा है। इसके लिए सरकार को सोचना चाहिए, अब तो अति हो गई है, दिल्ली में आदमी का रहना मुश्किल हो गया है। शांता कुमार ने कहा कि देश की समस्याओं का सियासत से ऊपर उठकर समाधान किया जाना चाहिए।