Follow Us:

मंडी: लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ 1008 कन्याओं का सामूहिक पूजन, DC ने दी बधाई

समाचार फर्स्ट |

मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान 9 मार्च, 2019 को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम के साथ सेरी मंच पर 1008 कन्याओं के सामूहिक पूजन की गतिविधि को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2020 में शामिल किया गया है। इसकी आधिकारिक सूचना बुधवार को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स प्रबंधन ने ई-मेल के जरिए उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर को दी है। बता दें कि इससे पहले बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में शानदार काम के लिए मंडी जिला प्रशासन को इसी साल दो बार राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है।

उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने जिलावासियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जन सहयोग से जन आंदोलन बनाने में सफलता मिली है। लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2020 में मंडी का नाम आना जिलावासियों समेत पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के दौरान पहली बार सेरी मंच पर 1008 कन्याओं का सामूहिक पूजन का कार्यक्रम कर पुरातन संस्कृति को बेटियों की सुरक्षा से जोड़ने की कवायद की गई। इसमें जनसहयोग से 4 से 10 वर्ष आयु तक की बच्चियों के पूजन के जरिए अपनी समृद्ध परंपराओं से संदेश ग्रहण कर बेटियों के महत्व को लेकर जन जागृति लाने और बेटा-बेटी में भेद की नकारात्मक मानसिकता में बदलाव लाने के प्रयास किए गए। प्रशासन की इस पहल ने बड़े पैमाने पर लोगों का समर्थन और तारीफ बटोरी। इसके अलावा दशहरा उत्सव के मौके पर कन्या भ्रूण हत्या को रावण का प्रतीक मानकर इसका दहन करके बेटा-बेटी में भेद की दरिद्र सोच को समाप्त करने का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए गए।