Follow Us:

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप देखा जा रहा है। दिल्ली में आज भी ठंड बनी हुई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही ठंड से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार इससे पहले बुधवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह रही। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का तापमान बुधवार सुबह 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि पिछले 16 सालों में दिसंबर में सबसे कम तापमान रहा।

लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। बेघर लोगों को ज्यादा परेशानी है क्योंकि ठंड से बचने के उनके पास बेहतर प्रबंध नहीं हैं। बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में परेशानी देखी जा रही है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि इससे सटे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम भी ठंड की चपेट में हैं। शनिवार को दिल्ली और एनसीआर को कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फसाफरीदाबाद समेत कई इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की धुंध की वजह से सूरज दिखाई नहीं दे रहा था। बाद में दिन में धुंधलका छंटा और लोगों ने राहत की सांस ली।

वहीं, हिमाचल में भी पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी के चलते कई दिनों से कोहरा, गलन और शीतलहर का असर मैदानी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। दिन निकलने की शुरुआत कोहरे के साथ शीतलहर से हो रही है। हिमाचल में आज से एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। बीती रात बर्फ़बारी से जलोडी दर्रा, भरमौर-जोत और किलाड़-जम्मू मार्ग फिर बंद हो गए है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार से प्रदेश में मौसम 27 दिसंबर तक धुप खिलने का पूर्वानुमान लगाया है।