Follow Us:

हिमाचल के जितेंद्र चौहान इंडिया को ओलंपिक्स गेम्स 2024 में दिला सकते हैं पदक

सचिन शर्मा, मंडी |

हिमाचल प्रदेश के जितेंद्र चौहान ने ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीत सुंदरनगर सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। सुंदरनगर के गांव छात्तर के रहने वाले जितेंद्र चौहान और ग्रेपलिंग के साथ कुश्ती और वुशु प्रतियोगिता में भी प्रदेश के लिए पदक जीत चुके हैं। हाल ही में जितेंद्र चौहान ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ग्रेपलिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित तीसरी इंडियन ओपन इंटरनेशनल चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। इससे पहले भी जितेंद्र हिमाचल केसरी, हिमाचल कुमार, हमीर केसरी आदि कुश्ती के कई प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर चुके है।

जितेंद्र वर्तमान में हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में बतौर अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता के तौर पर जिला शिमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डोमेहर में सेवाएं दे रहे है। अपनी उपलब्धि पर जानकारी देते हुए ग्रेपलिंग खिलाड़ी जितेंद्र चौहान ने कहा कि पिछले लंबे समय से रेसलिंग खेल को खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही के दिनों में दिल्ली में आयोजित की गई तीसरी ग्रैपलिंग में हिमाचल की तरफ से खेलते हुए 85 किलोग्राम भार से अधिक वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। प्रदेश के लिए गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए एक खुशी की बात है।

उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया है कि  नशे से दूर रहें और अपनी पसंदीदा खेल में अपना करियर बनाएं। युवा खेल में उपलब्धि हासिल कर अच्छी नौकरी भी हासिल कर सकते हैं।  इस चैंपियनशिप के बाद साउथ एशियन चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है, जिसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। यह खेल मौजूदा समय में स्कूली और इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के सभी पहलवानों से आग्रह किया है कि ग्रेपलिंग खेल वर्ष 2024 में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में शामिल होने जा रहा है, जिसके लिए अगर हर खिलाड़ी मेहनत करेगा तो वह दिन भी दूर नहीं है कि खिलाड़ी इस खेल में हिस्सा लेकर देश का नाम रौशन कर पाएंगे।