राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मकर संक्रान्ति की पूर्व संध्या के अवसर पर जिला मण्डी स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल तत्तापानी में पवित्र स्नान किया। राज्यपाल ने कहा कि पौराणिक महत्व के इस स्थान को बड़े पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। तत्तापानी बहुत ही सुन्दर और दर्शनीय स्थल है। तत्तापानी में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं प्रदान करने तथा विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्सव व त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण में मदद करते हैं। इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।
उपायुक्त मण्डी ऋग्वेद ठाकुर ने राज्यपाल को मेले और मकर संक्रान्ति के अवसर पर किए गए विभिन्न प्रबन्धनों और यहां प्रथम बार की जा रही सतलुज आरती और दीप दान के बारे में अवगत करवाया। राज्यपाल ने तत्तापानी में लक्ष्मीनारायण और नरसिंह देव मन्दिरों में शीश नवाया और पूजा अर्चना की। इस अवसर पर अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



