Follow Us:

चैंपियन्स फॉर चेंज अवॉर्ड से नवाज़े गए अनुराग ठाकुर, उत्कृष्ट काम के लिए मिला सम्मान

पी. चंद |

वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को चैंपियन्स फ़ॉर चेंज 2019 के पुरस्कार से नवाज़ा गया। पूर्व राष्ट्रपति के दिल्ली स्थित आवास में अनुराग ठाकुर को उत्कृष्ट कामों के लिए ये अवॉर्ड मिला। केंद्र की मोदी सरकार में अनुराग ठाकुर एकमात्र केंद्रीय मंत्री है जिन्हें ये पुरस्कार मिला है। इसके साथ ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री, आचार्य बालकृष्ण, शिल्पा शेट्टी सहित कई प्रमुख हस्तियों के नाम भी शामिल है।

अनुराग सिंह ठाकुर को सामाजिक कल्याण, विशेष रूप से हेल्थकेयर, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और पूर्व NHRC चेयरमैन जस्टिस केजी बालकृष्णन तथा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस ज्ञान सुधा मिश्रा ने इस अवॉर्ड के नॉमिनेशन और चयन की प्रक्रिया के ज्यूरी की अध्यक्षता की।

अनुराग ठाकुर को अवॉर्ड मिलने से पूरे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश में ख़ुशी है। उन्होंने कहा कि ये अवॉर्ड सिर्फ़ मेरा नहीं बल्कि पूरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का है। क्योंकि किसी भी जनसेवा पहल की सफलता में जनभागीदारी, सबके सम्यक् प्रयासों और सर्वजन की भागीदारी सम्मिलित होती है। इसलिए मेरा ये अवॉर्ड हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के हर एक व्यक्ति को समर्पित है।

'मेरे संसदीय क्षेत्र में किए गए सभी सामाजिक प्रयासों को अंत्योदय के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। प्रत्येक पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल या महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करना है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि अच्छी शिक्षा और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा पर सभी का एक समान अधिकार है। इसी तरह खेल सामाजिक सहभागिता, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।'

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में चलने वाली सांसद मोबाइल स्वास्थ्य स्वास्थ्य सेवा 'अस्पताल' के मॉडल को आज देश के विभिन्न राज्यों में अपनाया जा रहा है। लोगों को उनके घर द्वार पर निःशुल्क उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की इस मुहिम ने अपनी सेवा के 18 महीनों में अब तक 1,89,554  लोगों को लाभान्वित कर चुकी है। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की कार्यप्रणाली को पूरे देश में सराहा जा रहा है और कई सांसद ,विधायक, विधानपरिषद सदस्य अपने क्षेत्रों में इस मॉडल को लागू कर रहे हैं।

ठीक इसी तरह सांसद स्टार खेल महाकुम्भ की 5 खेल प्रतियोगिताओं में 42,700 से ज़्यादा युवा जुड़कर हिमाचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हुए नशे के ख़िलाफ़ जंग में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सांसद भारत दर्शन कार्यक्रम ने अपने अनूठे कॉन्सेप्ट के माध्यम से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। सांसद भारत दर्शन मेधावी छात्रों को हवाई यात्रा के ज़रिए देश के विभिन्न हिस्सों और विश्व प्रसिद्ध संस्थानों में ले जाकर उनके बौद्धिक विकास को एक नया आयाम देने का कार्यक्रम था जिसे शिक्षा जगत के प्रतिष्ठित जनों और बुद्धिजीवियों ने सराहा है।

याद रहे कि चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड्स का आयोजन इंटरएक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकोनॉमी (IFIE) द्वारा किया जाता है, जो कि भारत सरकार द्वारा गैर-लाभकारी कंपनी है।