Follow Us:

कंगना ने मनवाया अपने हुनर का लोहा, होंगी पद्मश्री से सम्मानित

पी. चंद, शिमला |

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर समाज के रचनात्मक विकास के लिए 141 लोगों को पद्मपुरस्कार देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इन पुरस्कारों को देने की घोषणा की है। इस साल 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, 16 हस्तियों को पद्म भूषण और 118 हस्तियों को अपने-अपने क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने के लिए पद्मश्री से सम्‍मानित किया जाएगा। इनमें बॉलीवुड जगत की भी 4 हस्तियां शामिल हैं। इन 118 पद्मश्री पुरस्कार पाने वालों में हिमाचल के जिला मंडी की बेटी कंगना रनौत का नाम भी शामिल है। भारत सरकार का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री पाकर कंगना रनौत काफी खुश हैं। उन्होंने ये पुरस्कार देश की बेटियों और मांओं को समर्पित किया है।

वहीं, कंगना की नई फिल्म पंगा की निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है और कंगना को ढेर सारी बधाई दी है। कंगना कहती हैं कि ये पुरस्कार पाकर मैं बहुत खुश हूं, इसे विनम्रता से स्वीकार करते हुए मैं देश को धन्यवाद करना चाहूंगी। यह पुरस्कार मैं हर उस बेटी और मां को को समर्पित करना चाहूंगी जो सपनों को पूरा करने की हिम्मत रखती हैं।