Follow Us:

हिमाचल के पांच अफसरों को पुलिस मेडल

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश के पांच पुलिस अधिकारियों को उनकी सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के मौके पर इन अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के आईजी पुलिस दिलजीत कुमार ठाकुर को राष्ट्रपति पुलिस मेडल मिलेगा, जबकि शेष चार अधिकारियों को भी पुलिस मेडल से सम्मानित किया जा रहा है। राष्ट्रपति के हाथों इन अधिकारियों को सम्मान दिया जाएगा।

दिलजीत कुमार ठाकुर आईजी इंटेलिजेंस सीआईडी में तैनात हैं।  यह पुरस्कार 25 साल के बाद मिलता है। जो दूसरे अधिकारी हैं, उनमें एसपी कानून एवं व्यवस्था कुशाल चंद शर्मा, एसपी किन्नौर साजू राम राणा, इंस्पेक्टर पीटीसी डरोह सुशील कुमार और सब-इंस्पेक्टर चंबा कृष्ण कुमार को सम्मानित किया जा रहा है।

उधर, 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर एसएसबी के शिमला स्थित चिकित्सा प्रशिक्षण केंद्र में तैनात कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. पार्था मित्रा को भी उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया जा रहा है।इसके अलावा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोल के गांव पलाही निवासी चंडीगढ़ पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) तैनात सुदेश कुमार को 32 साल की बेहतरीन और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल के लिए चुना गया है।