Follow Us:

जयराम ने दिल्ली के वोटरों से राजधानी को सुरक्षित बनाने के लिए BJP के पक्ष में वोट करने का किया आग्रह

पी.चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली के मतदाताओं से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली विधानसभा निर्वाचन में भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करने और उन्हें वोट देने का आग्रह किया। इससे शहीन बाग जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर भी रोक लगेगी। मुख्यमंत्री आज दिल्ली के मयूर विहार में पटपड़गंज विधान सभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रविन्द्र सिंह नेगी के समर्थन में रैली के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता वोटों के लिए नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और एनआरसी पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता नफरत की स्याही से इतिहास लिखने का प्रयास कर रहे हैं, परंतु देश की जनता बुद्धिमान है और उनके कुटिल इरादों को सफल नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही लोगों की भलाई तथा मजबूत व जीवंत राष्ट्र के लिए दृढ़ प्रयास व कार्य किए हैं। नागरिक संशोधन अधिनियम का उद्देश्य देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि देश के अल्पसंख्यकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह पहले से ही इस महान देश के नागरिक तथा अभिन्न अंग हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश के अलग-अलग भागों से आए हुए लोग रह रहे हैं और वे किसी के भी निहित स्वार्थों को समझने में सक्षम हैं। उन्हें किसी भी प्रकार के प्रलोभनों से लुभाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर है और दिल्ली शीघ्र ही विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विश्व प्रसिद्ध मैट्रो सिटी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता, आम आदमी पार्टी के झूठे वायदों में नहीं आएगी, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने प्रलोभन देने के अलावा कुछ नहीं किया है। इसके उपरांत, मुख्यमंत्री ने गांधी नगर विधान सभा क्षेत्र के रघुबर पुरा और पश्चिम कांति नगर क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अनिल वाजपेयी के समर्थन में रैली को संबोधित किया।