Follow Us:

हिमाचल के 8 शहरों का माइनस में पारा, बर्फ़बारी से अभी भी 102 सड़कें बंद

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में शीतलहर थमने का नाम नहीं ले रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ़बारी की वजह से अनेक स्थानों में तापमान माइनस में पहुंच गया है। 6 जिलों के 8 शहरों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पिछले तीन दिनों से शिमला का तापमान माइनस में बना हुआ है। बर्फ़बारी की वजह से राज्य की 102 सड़कें रविवार को भी अवरुद्ध रहीं। इनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं।

शिमला जिला में सर्वाधिक 70 सड़कें बंद हैं। चंबा जिला के डलहौजी में 18, कुल्लू में 8 और मंडी में 4 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। बर्फ़बारी से सड़कों औऱ राष्ट्रीय राजमार्गों को 170 करोड़ के नुकसान का अनुमान है। लाहौल-स्पीति  मुख्यालय केलंग राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रविवार की सुबह न्यूनतम तापमान -15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके बाद किन्नौर जिला के कल्पा में पारा -6.4 डिग्री रहा। कुल्लू जिला के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में पारा -4.6 और भुंतर में -0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला जिला की बात करें, तो पर्यटन नगरी कुफरी में -4 और शिमला शहर में -0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडी जिला के सुंदरनगर में -0.6 डिग्री और चंबा जिला के डलहौजी में -0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अन्य प्रमुख शहरों में पालमपुर में शून्य, सोलन में 1.5, चंबा में 1.8, कांगड़ा में 2, धर्मशाला में 2.4, हमीरपुर में 4.3, बिलासपुर में 4.5, ऊना में 5, मंडी में 5.3 और नाहन में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला में रविवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। शिमला का अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 7.6 डिग्री था। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार मैदानों क्षेत्रों सहित राज्य के अन्य अधिकतर भागों में आठ फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।