Follow Us:

जयराम बोले- केजरीवाल सरकार कर रही तुष्टिकरण की राजनीति, दिल्ली के विकास के लिए कोई योजना नहीं

पी.चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नई दिल्ली में मॉडल टाउन विधान सभा क्षेत्र के रोशनारा क्लब शक्ति नगर में भाजप प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और सरकार के पास राष्ट्रीय राजधानी के समग्र विकास के लिए कोई योजना नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीबों तथा पिछड़ों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कुछ नहीं किया, बल्कि दिल्ली के लोगों को विभिन्न मुद्दों पर ठगा है। यह समय दिल्ली के लोगों को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को हराने का अवसर है, जो बिजली और पानी के मुद्दों को लेकर लोगों को धोखा दे रहे हैं, जबकि अभी तक पीने का पानी उपलब्ध नहीं करवा पाए। दिल्ली को मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व वाली सरकार चाहिए, जो केवल भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली के लोगों को विभिन्न लाभ दिए हैं और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की सरकार के छह साल के कार्यकाल में उनके जीवन को सरल बनाने में मदद की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता की आकांक्षाओं को समझा और उनकी आशाओं के अनुरूप कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। विश्वस्तरीय सुविधाओ के साथ दिल्ली मैट्रो सिटी के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी के खोखले वायदों में आने वाली नहीं है, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में बड़े-बड़े दावों के अलावा कुछ नहीं किया गया है।