Follow Us:

प्रदेश में एंटर करने पर लोगों की पूर्ण चिकित्सा जांच होगी अनिवार्य: CM

पी. चंद |

कर्फ्यू में ढील के बाद बाहर फंसें हिमाचली घर लौटने लगे हैं। इसके लिए बॉर्डर पर ही इन लोगों की जांच हो रही जिसके बाद इन्हें हिमाचल में एंट्री मिल रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला के उपायुक्तों, एसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान प्रदेश की सीमाओं में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की पूर्ण चिकित्सा जांच सुनिश्चित करवाने के उपरांत ही उन्हें होम क्वारन्टीन के लिए संबंधित गंतव्यों के लिए जाने की स्वीकृति देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य किया जाना चाहिए। संबंधित उपायुक्तों द्वारा अधिक पास जारी न किये जाएं, ताकि प्रदेश के प्रवेश स्थलों पर भीड़ न लगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विभिन्न मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने पर विशेष बल दिया है। प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया है कि कोरोना वायरस ग्रीन जोन में प्रवेश न करे। उन्होंने कहा कि रेड जोन औऱ ऑरेंज जोन के लिए अलग-अलग रणनीतियां तैयार की जानी चाहिए, ताकि इन्हें जितना शीघ्र हो सके ग्रीन जोन में परिवर्तित किया जा सके।

जय राम ठाकुर ने कहा कि आर्थिक गतिविधियां विशेषकर ग्रीन जोन में आरंभ करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। आवश्यक वस्तुओं तथा कृषि उपकरणों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित बनाने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लोगों को फेस मास्क और फेस कवर पहनने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए। निश्चित क्षेत्रों में चयनित दुकानों को खोलने की स्वीकृति दी गई है, लेकिन सभी लोगों द्वारा सामाजिक दूरी बनाना तथा फेस मास्क और सेनेटाईजर का उपयोग करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।