Follow Us:

ट्राई-सिटी से आज 1 हजार 239 लोगों को हिमाचल लाया गयाः CM

पी. चंद |

ट्राई-सिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला) में फंसे हिमाचल प्रदेश के चार जिलों के 1239 लोगों को आज 49 बसों के माध्यम से वापस लाया गया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में वापस लाए गए इन लोगों में 622 मंडी जिला, 365 बिलासपुर जिला, 191 कुल्लू जिला और 61 लाहौल-स्पीति जिला से संबंधित हैं।

उन्होंने कहा कि वापस बुलाए गए सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, ताकि उनमें जुकाम जैसी बीमारी के लक्षणों का पता लगाया जा सके और उसके उपरांत उन्हें होम क्वारन्टीन में रखा जाएगा। बाहरी राज्यों विशेषकर रेड या ऑरेंज जोन से वापस हिमाचल आने वाले लोगों को होम क्वारन्टीन में रहना होगा। इसके अलावा वे अपने परिजनों के साथ भी उचित दूरी बनाएं रखें। इन लोगों की यह नैतिक जिम्मेवारी है कि वे प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और होम क्वारन्टीन में रहने के लिए सरकार को सहयोग दें।

मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रदेश के लोगों को वापिस लाने में विशेष सेवाएं प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों के चालकों और परिचालकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाहरी राज्यों में फंसे प्रदेश के लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।