Follow Us:

सरकाघाट कोरोना संक्रमित मृतक युवक की मां भी निकली कोरोना पॉजिटिव

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। आईजीएमसी शिमला में कोरोना संक्रमित सरकाघाट के युवक की मौत के बाद अब उसकी मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अस्पताल के एमएस डॉक्टर जनक राज ने इस बात की पुष्टि की है। 48 साल की इस महिला को आईसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। जहां पर ये चिकित्सकों की निगरानी में है।

बता दें कि कोरोना पॉजिटिव युवक को उसकी मां और ताया आईजीएमसी शिमला लेकर आए थे। यहां प्रशासन ने इन दोनों के सैंपल लिए थे। जब इसकी रिपोर्ट आई तो युवक का ताया कोरोना नेगेटिव पाया गया जबकि मां पॉजिटिव पाई गई। बता दें कि जिला मंडी के सरकाघाट का यह युवक दिल्ली से लौटा था और इसकी किडनी में दिक्कत थी। सोमवार शाम को इसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया था। जहां उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। नेरचौक से इसे आइजीएमसी शिमला रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश में कोरोना के 3 नए मामले सामने आए थे। इनमें से एक कांगड़ा जिला का रहने वाला है जबकि 2 लोग चंबा के रहने वाले हैं। इसके साथ ही हिमाचल में अब तक 46 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में अब तक कोरोना से दो लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 16936 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 6912 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ हैं। राज्य में अब तक 8492 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है। 34 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं।