Follow Us:

मंडी: तेज अंधड़ से उड़ी पशु चिकित्सालय की छत, 4 लोग ज़ख़्मी

बीरबल शर्मा |

जिला मंडी के उपमंडल बल्ह की ग्राम पंचायत लेदा के पशु चिकित्सालय में वीरवार शाम तेज तूफान का रौद्र रूप देखने को मिला। इस कारण पशु चिकित्सालय में हादसा होने से अस्पताल के दो कर्मचारियों सहित 4 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार पशु चिकित्सालय लेदा में कठयाहूं पंचायत निवासी सुभाष कुमार(75) और उनकी पत्नी कमला देवी (62) अपनी गाय को लेकर चेक करवाने गए थे। इसी दौरान जब अस्पताल के 2 कर्मचारी गाय का इलाज कर रहे थे तभी अचानक हवा के तेज झोंके के साथ ईंटों के बनी चार-दीवारी के ऊपर डाली गई टीन की छत भी उड़ गई। इस कारण वहां खड़े सुभाष कुमार और उनकी पत्नी कमला देवी सहित अस्पताल के कर्ममचारी विजय राणा के ऊपर ईंटे गिरने से बुरी तरह से घायल हो गए।

वहां पर मौजूद अस्पताल का ही एक और कर्मचारी महेंद्र कुमार भी टीन की छत के साथ उड़ कर सडक़ में लगभग 20 फीट नीचे गिर गया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद 2 घायलों को उनके परिजन अपनी निजी गाड़ी से सुंदरनगर अस्पताल ले गए और पशु चिकित्सालय के दोनों कर्मचारियों को प्रारंभिक उपचार के लिए पीएचसी लेदा ले जाया गया। जहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया।

गनीमत यह रही कि हादसे के समय मौके से कोई गाड़ी या पैदल व्यक्ति आ जा नहीं रहा था वरना और भी अधिक जान -माल का नुकसान हो सकता था। उधर मामले पर एमओ पीएचसी लेदा नवीन परमार ने कहा कि अस्पताल में पशु चिकित्सालय लेदा से 2 घायल कर्मचारी लाए गए थे। इनमें से 1 व्यक्ति को प्रारंभिक उपचार दिया गया है और दूसरे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया है।