Follow Us:

शांता ने दी संजय कुंडू को बधाई, पहले ही दिन गुड़िया कांड में संज्ञान लेने पर की प्रशंसा

मृत्युंजय पूरी |

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने संजय कुंडू के पुलिस महानिदेशक का कार्यभार संभालने पर उन्हें बधाई दी और गुडिया कांड के संबंध में पहले ही दिन संज्ञान लेने पर उनकी प्रशंसा की। शांता ने कहा कि उन्हें खुशी है की कुंडू ने पहले ही दिन यह कहा कि गुड़िया कांड से हिमाचल की छवि को आंच आई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि कोटखाई में जनता इतनी क्रोधित हुई कि पुलिस थाने को आग के हवाले कर दिया। विभाग के प्रमुख 7 अधिकारी कई महीने तक जेल में रहे। एक गवाह की हत्या हुई लेकिन सीबीआई भी खाली हाथ वापस गई। संदेह यह है कि पुलिस अधिकारियों ने ही इतनी कुशलता के साथ सारे सबूत नष्ट किए कि सीबीआई भी असली अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी। लेकिन हर अपराध अपना निशान अवश्य छोड़ता है, तलाश करने वाले ईमानदार हाथ होने चाहिए। यदि संजय कुंडू यह कर सके तो एक नया इतिहास बनेगा।

शांता कुमार ने कहा है कि किसी भी देश की बर्वादी भ्रष्टाचारी और बुरे लोंगो के कारण नहीं होती। सबसे बड़ा कारण यह होता है कि अच्छे लोग और अधिकारी आंखे बंद कर लेते हैं, चुप रहते हैं और भ्रष्टाचार करते नहीं परन्तु करने देते हैं। याद रखें भ्रष्टाचार सहन करना सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का अपराध साधारण नहीं है। यह महा अपराध और महापाप भी है। यदि आरोप सच है तो यह कफन तक चुराने जैसा कलंक है। हमारी पार्टी ने बहुत कुछ कर दिया। हाई कमाण्ड ने संज्ञान लिया प्रदेश अध्यक्ष ने त्यागपत्र दिया और तुरन्त त्यागपत्र स्वीकार भी हो गया। यह सब कुछ इसलिए किया ताकि यह आरोप न लगे कि नेता दबाव डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार और परिश्रमी नेता की छवि वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में शीघ्र सबको न्याय मिलेगा।

शांता कुमार ने कहा कि पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट बार एशोसिएशन ने 58 एडवोकेटों के लाइसेंस रद्द किए हैं। उन पर आरोप लगाए गए हैं कि उनकी डिग्रियां जाली हैं। यह खबर बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और हमारी सारी व्यवस्था को कलंकित करने वाली है। उन्हें लगता है कि जाली डिग्रियों के आरोप के तार हिमाचल से जुड़े होंगे। क्योंकि विश्वविद्यालय के नाम पर डिग्री बेचने वाली कुछ दुकानें हिमाचल प्रदेश में बताई जाती हैं। इस बारे में हिमाचल में लाखों जाली डिग्रियां बेचने की जांच शुरू हुई थी लेकिन अभी कुछ पता नहीं लगा ।