Follow Us:

सरकार विकासात्मक परियोजनाओं की ऑनलाइन आधारशिलाएं रखने पर विचार कर सकती हैः CM

पी. चंद, शिमला |

कोविड-19 के कारण उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थिति लंबे समय तक बनी रहती हैं तो राज्य सरकार आधारशिला रखने और विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन ऑनलाइन करने पर विचार कर सकती है, ताकि विकास की गति निर्बाध चलती रहे। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरोली भाजपा मंडल की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली भाजपा मंडल में सभी विकासात्मक परियोजनाओं को शीघ्रता से और निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाएगा। कोरोना महामारी के कारण विकासात्मक कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और हमें अपनी विकासात्मक रणनीतियों पर पुनर्विचार करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं की दी सलाह

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लाखों लोगों को वापस लाना राज्य सरकार का नैतिक कर्तव्य था। राज्य के हजारों लोगों को विशेष रेलगाड़ियों और बसों द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों से वापस लाया गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के एक कांग्रेस नेता राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए इस विषय को उछालने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्ष के नेता यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें सरकार चलाने का बहुत अनुभव है। उन्होंने कांग्रेस नेता को सलाह दी कि वह पहले कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति पर गौर करें और उसके बाद राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक नेतृत्व विहीन पार्टी है, जिसमें हर कोई खुद को पार्टी के नेता के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विडंबना ही है कि कथित स्वास्थ्य घोटाले के बारे में कांग्रेस के नेता बहुत शोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह मामला सरकार के संज्ञान में आया, स्वास्थ्य निदेशक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति से सख्ती से निपटा जाएगा।