Follow Us:

पर्दे के धोनी ने की खु़दकुशी, आत्महत्या की वज़ह साफ़ नहीं!

समाचार फर्स्ट डेस्क |

छोटे पर्दे से शुरूआत करने वाले मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। उन्होंने बांद्रा के घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। खुदकुशी के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सुशांत के नौकर ने पुलिस को फोनकर इस बात की जानकारी दी। मौके पर मुंबई पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि पिछले 6 महिनों से वह डिप्रेशन में थे और बहुत समय से पार्टी और मेन स्ट्रीम में दिखाई नहीं दे रहे थे। कुछ दिनों पहले उनकी एक्स मैंनेजर ने भी खुदकुशी कर ली थी

बता दें कि 21 जनवरी 1986 को जन्मे सुशांत सिंह राजपूत भारतीय टीवी और फ़िल्म अभिनेता हैं। इनका बॉलीवुड में कोई फैमली बैंकग्राउंड नहीं है। सबसे पहले उन्होंने किस देश में है मेरा दिल नामक धारावाहिक में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली। इसके बाद उन्हें फ़िल्मो के प्रस्ताव मिलना शुरु हुए। 2013 में मशहूर फ़िल्म 'काय पो छे!' में वो मुख्य अभिनेता थे और उनके अभिनय की तारीफ़ भी हुई। इसके अलावा 2013 में 'शुद्ध देसी रोमांस', 2014 में पीके, 2015 में 'डिटेक्टिव ब्योमकेस बक्सि', 2016 में 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी', 2017 में राबता, 2018 में 'चंदा मामा दूर के' और 2018 में 'केदारनाथ' फिल्म में अपना रोल अदा किया। अभी लास्ट में वह फिल्म 'छिछोरे' में नजर आए थे।

सुशांत अपनी मां के काफी करीब थे लेकिन 2002 में उनके निधन के बाद वह काफी हताश हो गए थे। सुशांत ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एंट्रेस एग्जाम 2003 में ऑल इंडिया में 7वीं रैंक हासिल की थी। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे पर एक्टिंग के लिए थर्ड ईयर में कॉलेज छोड़ दिया था।