Follow Us:

शिमलाः फल मंडियों में पहुंचने लगा सेब, मिल रहे सेब के अच्छे दाम

पी. चंद, शिमला |

प्रदेश की आर्थिकी में 45 हज़ार करोड़ से ज़्यादा की भागीदारी निभाने वाला सेब शिमला की फ़ल मंडी में पहुंचने लगा है। निचले क्षेत्रों से सेब की फसल मंडियों तक पहुंचने लगी है। अभी टाइडमैनन सेब की किस्म शिमला मंडी में पहुंच रही है। शुरुआती दौर के बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिल रहे है। 25 किलो की टाइडमैनन सेब के एक पेटी आजकल 1500 से लेकर 1900 तक बिक रही है। जो पिछले साल के मुक़ाबले 500 रुपये तक ज़्यादा आंकी जा रही है।

बागवानों की माने तो इस मर्तबा सेब की फसल लगभग 50 फ़ीसदी तक कम रहने की उम्मीद है इसलिए दाम शायद न गिरें। अब विदेशों से आने वाला सेब भी महंगा आएगा साथ ही चीन का सेब नही आता है तो मार्किट में सेब के अच्छे दाम मिलने की आस है। लेकिन नेपाली मज़दूरों की कमी सेब को मंडियों तक पहुंचाने में मुश्किलें खड़ी कर रही है। क्योंकि 50 फ़ीसदी नेपाली मज़दूर इस बार नहीं पहुंचे हैं। बागवानों का कहना है कि जितना काम नेपाली मज़दूर करता है उस स्तर का काम दूसरा मज़दूर नही कर पाता है।

उधर इस बार बाहरी राज्यों से अभी सेब के खरीददार भी कम पहुंचे है जो पहुंचे भी है वह 14 दिन के क्वारंटाइन पर चल रहे हैं। आढ़तियों यानी सेब के खरीददार भी लेबर की समस्या से जूझ रहे है। इनका कहना है कि हालांकि लॉकडाउन के चलते मार्किट गिरी है बाबजुद इसके सेब के दाम बागवानों को अच्छे मिल रहे है। हिमाचली सेब  के दाम आगे भी अच्छे रहने की उम्मीद है जिससे बागवानों सहित आढ़तियों को भी फ़ायदा मिलेगा।