Follow Us:

तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत, 6.97 लाख के पार पहुंचा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। रूस को पीछे छोड़कर भारत कोरोना वायरस से संक्रमितों के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत में रविवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में 24 घंटे में 24 हजार 248 नए केस दर्ज किए गए जिससे संक्रमितों की संख्या 6 लाख 97 हजार पर पहुंच गई है।

वहीं, इस दौरान 425 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 19 हजार 693 हो गई है। यह एक दिन में दर्ज किया जाने वाला अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा था। देश में समय एक्टिव मामलों की संख्या 2 लाख 53 हजार 287 है। इसके अलावा 4 लाख 24 हजार 433 लोग इस महामारी से निजात पा चुके हैं।

 

अमेरिका की जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डाटा के हिसाब से रूस में इस समय कोरोना संक्रमितों की संख्या 6 लाख 80 हजार 283 है। भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में अब सिर्फ अमेरिका और ब्राजील से ही पीछे है। अमेरिका में कोरोना के 28 लाख 39 हजार से ज्यादा मामले हैं, वहीं ब्राजील में यह आंकड़ा 15 लाख 77 हजार है। अमेरिका में इस खतरनाक बीमारी की चपेट में आने से अब तक 1 लाख 29 हजार 600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, वहीं, ब्राजील में इससे 64 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है।