पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीर राठौर के पक्ष में उतर आए हैं। कुल्लू में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि कुछ दिनों से यह देखने में आ रहा है कि कुछ नेता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर पर आरोप लगा रहे हैं और उन्हें भाजपा की बी टीम भी बताया गया है जो कि सरासर गलत है।
उन्होंने कहा कि कुलदीप राठौर एक सशक्त नेता है और उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने भाजपा के कई कमियों को उजागर किया है। राठौर के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है और कांग्रेस की एकजुटता देख भाजपा के नेता भी घबरा रहे हैं । ऐसे में कांग्रेस के सभी नेताओं को एकजुट होना चाहिए और भाजपा की कमियों को जनता के समक्ष रखना चाहिए ताकि आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को मजबूती मिल सके।
पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि कांग्रेस की एकजुटता से भाजपा के नेता घबरा गए हैं और उनके कई मामले आम जनता के समक्ष आ रहे हैं। बीते दिनों स्वास्थ्य विभाग का घोटाला भी सामने आया और नतीजा रहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा और अभी तक उन्हें कोई अध्यक्ष नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि कि पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पार्टी हित में कार्य किया है और अगर किसी बात को लेकर कोई विचार है तो उसे ने पार्टी के समक्ष रखना चाहिए ताकि कांग्रेस की मजबूती बनी रह सके।
गौरतलब है कि बीते दिनों इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस सेवा दल के पूर्व मुख्य संगठक रहे बलदेव ठाकुर ने भी सुखविंदर को सलाह दी थी कि वे अध्यक्ष कुलदीप राठौर पर बयानबाजी करने की बजाय पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करें। वहीं, उन्होंने मंडी जिला के अन्य नेताओं को सलाह दी थी कि वे पार्टी के नेता पर छींटाकशी करने की बजाय भाजपा की गलत नीतियों के बारे में जनता को अवगत करवाएं ताकि आने वाले दिनों में कांग्रेस को एक बार फिर से मजबूती मिल सके।



