Follow Us:

शिमलाः 3 कोरोना पॉजिटिव आने के बाद भी सील नहीं हुआ सचिवालय, भड़का सचिवालय कर्मचारी संघ

पी. चंद, शिमला |

एक तरफ जहां हिमाचल राजभवन में जयराम मंत्रिमंडल समारोह चल रहा था तो वहीं दूसरी तरफ नाराज़ सचिवालय कर्मचारी नारेबाजी कर रहे थे। कर्मचारी इसलिए सचिवालय गेट के बाहर विरोध कर रहें थे क्योंकि हिमाचल प्रदेश सचिवालय में 3 कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बावजूद एतिहात नहीं बरता जा रहा है। नाराज़ कर्मचारियों में कई अपने घरों को वापिस लौट गए। कुछ ने सचिवालय गेट के आसपास नारेबाजी की। इसी बीच, बुधवार को सचिवालय में एक कर्मी के पॉजिटिव आने का बाद सचिवालय में कमरा नंबर 10 से 110 तक सीएम ब्रांच सील कर दी गई है। इसके अलावा कंमरा नंबर 129, 128, 119 को भी सील कर दिया गया है।

प्रदेश सचिवालय कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संजीव शर्मा का कहना है कि अफसरशाही से बार-बार आग्रह करने के बावजूद सचिवालय में ऐतिहात नहीं बरता जा रहा है। जिसके चलते कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। सचिवालय में कोरोना महामारी का पहला मामला आने पर ही भवन सील करने का अनुरोध कर दिया गया था। लेकिन सचिवालय प्रशासन ने मांग को गंभीरता से नही लिया गया। जबकि शिमला में ही हिमाचल विश्वविद्यालय, उच्च न्यायालय, आयकर विभाग (रेलवे बोर्ड बिल्डिंग ) और प्रदूषण नियंत्रण निगम आदि कार्यालय में मामले सामने आने के बाद सील कर दिया गया। लेकिन हिमाचल प्रदेश सचिवालय के बारे में अभी तक बिल्डिंग को सील करने का निर्णय नहीं लिया गया। सचिवालय में तीसरा कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिससे सचिवालय के कर्मचारियों में भय का माहौल है और प्रशासन के प्रति भी भारी रोष है।