Follow Us:

ऊनाः जल शक्ति विभाग के पानी के टैंक में डूबी मझार की महिला, मौत

दीक्षा बैंस, ऊना |

जिला ऊना के अम्ब जबेहड़ के गांव मझार में महिला की जल शक्ति विभाग के पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई है। मृतका की पहचान इंदु वाला पत्नी विनोद कुमार के रूप में हुई है। उक्त महिला ने आत्महत्या की है या इसका कोई और कारण है। इसका पता अभी नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे से घर से गायब थी। जिसके चलते उसके ससुराल वालों ने उसकी तलाश शुरू की।

रात करीब डेढ़ बजे जब वे उसे ढूंढते हुए घर से थोड़ी दूर ही स्थित जल शक्ति विभाग के पानी के टैंक के पास पहुंचे तो वे महिला को औंधे मुंह पानी में  पड़े हुए देखकर दंग रह गए और उन्होंने छोर मचाया।  इसपर स्थानीय लोग उनका छोर सुनकर मौके पर पहुंचे और महिला को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

उधर, घटना की सूचना मिलने थाना प्रभारी ने अपनी टीम सहित घटना स्थल का निरीक्षण किया और मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मझार निवासी एक महिला का शव पानी के टैंक में मिला है। महिला के मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।