Follow Us:

CM बोले- सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल जरूरी, विपक्ष के दुष्प्रचार का दें मुंहतोड़ जवाब

|

मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज बल्ह भाजपा मंडल के मिलन कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और पार्टी संगठन में बेहतर तालमेल आवश्यक है । जिससे दोनों का महत्व बना रहे और सरकार और पार्टी का विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समुचित प्रकार से जनता तक राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाना चाहिए। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसका श्रेय पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लिए यह सौभाग्य की बात है कि पार्टी का नेतृत्व धरती पुत्र जगत प्रकाश नड्डा कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें।

उन्होंने कहा कि मण्डल मिलन की बैठकें नियमित तौर पर होनी चाहिए, जिनमें पार्टी के हर कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित हो। कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सरकार की नीतियां और कार्यक्रम हर स्तर पर लोगों तक पहुंचे। इसके अतिरिक्त कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को घर द्वार तक पहुंचाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है। कोरोना महामारी के इस दौर में सरकार को कुछ कड़े निर्णय भी लेने पड़े हैं। सरकार को एक वर्ष के लिए साधन सम्पन्न परिवारों को खाद्य पदार्थों पर सब्सिडी रोकनी पड़ी है और बस किराए में भी मामूली वृद्धि की गई है। यह सब निर्णय प्रदेश की आर्थिकी को संबल देने के उद्देश्य से लिए गए हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को उत्साहपूर्वक प्रचार करने की आवश्यकता है ताकि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पुनः सत्ता में वापसी करे। प्रत्येक पन्ना प्रमुख को यह सुनिश्चित बनाना चाहिए कि विधानसभा चुनाव में उसके पन्ने के सभी 30 मत भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में जाएं। यह तभी संभव है, जब पन्ना प्रमुख मतदाताओं के साथ उचित तालमेल बना कर रखेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों का अभूतपूर्व विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के पास सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची होनी चाहिए ताकि उनके साथ सम्पर्क बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की डब्बल इंजन सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोविड-19 महामारी के बावजूद विकास की रफ्तार निर्बाध चल रही है।