Follow Us:

कांगड़ाः दरकाटा में मकान और गौशाला गिरने से युवती औऱ 2 मवेशी की मौत, परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित

मृत्युंजय पुरी |

जिला कांगड़ा के पुलिस चौकी रानीताल के साथ दरकाटा गांव में रात को एक स्‍लेटपोश मकान और साथ लगती गौशाला गिरने से एक युवती और दो मवेशी जिंदा दफन हो गए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार आधी रात को डेढ़ बजे के करीब अशोक कुमार परिवार सहित सोया हुआ था और एक जोरदार धमाके के साथ जब उसकी नींद खुली तो घर का एक कमरा गिर गया था। कमरे में उसकी बेटी सोई थी। वहीं, गोशाला के गिरने से दो मवेशी में दबकर कर मर गए है।

युवती के माता पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे और दादा-दादी बाहर सोए हुए थे। इस कारण मलबे की चपेट में आने से यह सब बच गए। युवती का छोटा भाई भी दादा-दादी के साथ सोया हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार लड़की अकसर माता-पिता के साथ ही सोती थी। लेकिन रात को वह अलग कमरे में आकर सो गई, जो रात को गिर गया।

मृतका की एक छोटी बहन भी है, जो अपनी बुआ के घर गई हुई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुद मलबे को हटाया और लड़की को बाहर निकाला। लेकिन तब तक बड़ी देर हो चुकी थी। रात को ही लोग लड़की को टांडा मेडिकल कॉलेज ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है युवती 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। टांडा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सदस्‍यों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने बताया लड़की के माता-पिता बहुत गरीब हैं और दिहाड़ी लगाकर ही घर परिवार चलाते हैं।  पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।