Follow Us:

शिक्षक दिवस पर नड्डा ने लिया अपने पूर्व अध्यापकों का आशीर्वाद, गोविंद ठाकुर से भी की बात

पी. चंद |

शिक्षा दिवस के पावन पर्व पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने पूर्व अध्यापकों का आशीर्वाद लिया। नड्डा ने कहा कि एक व्यक्ति के जीवन में अध्यापक का महत्वपूर्ण योगदान होता है। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सभी अध्यापकों ने उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद दिया और कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारा शिष्य आज देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। आज भारत वर्ष में हर सातवां नागरिक भाजपा का सदस्य है। भारत देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। आज तक जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्य किया है उसकी चर्चा न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व में हो रही है। आज भारत पूरे विश्व में एक मजबूत ताकत बनकर उभर रहा है। 

इसके पश्चात नड्डा ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर से भी बातचीत की। उन्होनें गोविन्द ठाकुर से बातचीत करते हुए कहा कि देश की नई शिक्षा नीति आने वाले समय में शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने वाली है और इसका सुचारू रूप से प्रदेश में संचालन हो इसके लिए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग को विशेष कार्य करना है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति नए भारत की नींव है।