Follow Us:

शान्ता कुमार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र, कंगना की सुरक्षा पर व्यक्त की चिंता

मृत्युंजय पुरी |

पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री उद्वव ठाकरे को पत्र लिख कर कंगना रनौत की सुरक्षा पर चिन्ता प्रकट की है। उन्होंने लिखा है कि मूवी जगत में हिमाचल प्रदेश की इस बहादुर लड़की ने ही राष्ट्रवाद का बड़े साहस से समर्थन करते हुए कहा था कि "हां है मेरा एजेंडा राष्ट्रवाद-राष्ट्रवाद-राष्ट्रवाद।" शिव सेना एक मात्र ऐसी पार्टी है जो भाजपा के बाद राष्ट्रवाद का समर्थन करती है। इस दृश्टि से कंगना को शिव सेना की ओर से बहुत अधिक सहयोग मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुशांत राजपूत की आत्महत्या और उसके बाद उजागर होते तथ्यों से पूरा देश सहम गया है। मुंबई के सिनेमा जगत में और भी बहुत कुछ ऐसा होता रहता है, जिस पर बड़े साहस के साथ कंगना रनौत ने अपनी बात कही है। आजाद भारत में हर नागरिक को अपनी बात कहने का संवैधानिक अधिकार है। कंगना रनौत की कुछ टिप्पणियों पर शिव सेवा के नेताओं द्वारा धमकियां दी जा रही है।  इससे कंगना रनौत का पूरा परिवार और पूरे हिमाचल प्रदेश में बहुत अधिक चिन्ता प्रकट की जा रही है। मुख्यमंत्री के नाते उद्वव ठाकेर कंगना रनौत को पूरी सुरक्षा दें और शिव सेना के नेताओं को रोकें।  

शांता ने कहा कि लोक सभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोषी उनके पुराने परिचित है। उन्होंने उन्हें भी पत्र लिख कर कंगना को मुंबई में पूरी सुरक्षा देने का आग्रह किया है। शांता कुमार ने कंगना और उनके परिवार से फोन पर विस्तृत बात की है और उन्हें यह सलाह दी है कि अब कंगना इस विवाद में अधिक न उलझे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी आग्रह किया है कि वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्वव ठाकरे जी से इस संबंध में तुरन्त बात करें।