Follow Us:

मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया सायर उत्सव, बने कई पकवान…

बीरबल शर्मा |

मौसम के बदलाव और अनाज पूजा का त्योहार मंडी जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सायर को किसानों की समृद्धि औऱ खुशहाली का पर्व भी कहा जाता है। मंडी जनपद में प्रकृति के सम्मान में हर घर में धान के बालियों वाले पौधे, तिल के पौधे, कुरी के पौधे, अरबी के पौधे, गलगल, जम्बीरी  के जुड़ूवां दानों, पेठे, चांदी के सिक्के, अखरोट के विषम संख्या के दानों सहित श्रीगणेश, जल देव की दूव-पुष्प , धूप-दीप मौसमी फलों के साथ दान राशि अर्पित कर पूजा अर्चना की गई ।

पूजा के बाद सभी ने परिवार के पूज्य सदस्यों के चरणों मे विषम स्रंख्या में अखरोट के दाने, धान की बाली औऱ श्रद्धा अनुसार धनराशि अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने देव मंदिरों में जाकर देवताओं को नया अनाज, अखरोट, दानराशि अर्पित कर सुख, शांति आरोग्य, अन्न-धन समृद्धि का आशीर्वाद लिया औऱ हर आयु वर्ग के साथ अखरोट खेल कर स्नेह तथा भाईचारे का संदेश दिया। घरों में लोगों ने बबरू, भटुरु, खीर जैसे कई पकवान भी बनाए और लोगों को बांटने के साथ उनका आनंद भी लिया।