Follow Us:

मंडी: महिला ने निगला ज़हर, गंभीर हालत में पालमपुर किया रेफर

मृत्युंजय पुरी |

मंडी के जोगिंद्रनगर में महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला की गंभीर हालत को देखते जोगिंद्रनगर अस्पताल से सिविल अस्पताल पालमपुर रेफर किया गया है। मामले को देखते हुए पुलिस ने विवाहित महिला के घर में भी पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस थाने के कार्यकारी थाना प्रभारी अर्जुन राणा ने मामले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया पुलिस को रविवार को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि 30 वर्षीय विवाहित महिला की तबीयत बिगड़ऩे पर अस्पताल पहुंचाया गया है। महिला की पहचान उषा देवी निवासी घमरेहड़ के रूप में हुई है। जिसने घर में मौजूद किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। बेहोशी की हालत में विवाहित महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं आया। इसलिए सिविल अस्पताल पालमपुर रेफर करना पड़ा।

मामले की छानबीन कर रहे पुलिस थाने के एएसआइ हरीश कुमार ने बताया कि महिला की गंभीर हालत को देखते हुए बयान कलमबद्ध नहीं किए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आई है। स्वजनों और नजदीकी रिश्तेदारों से पूछताछ जारी है।