Follow Us:

बिलासपुर: अनियंत्रित होकर घर की छत पर गिरा कैंटर, 2 की मौके पर मौत

डेस्क |

चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया। बिलासपुर के लखनपुर के पास चंडीगढ़ से मंडी की ओर जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर एक मकान की छत पर जा गिरा। हादसे में कैंटर में बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही ड्राइवर सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल बिलासपुर से तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।

हादसे से मकान में रह रहे 3 लोगों को भी गंभीर चोटें पहुंची है, जिनमें से एक व्यक्ति को IGMC शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि यह कैंटर चंडीगढ़ से मंडी की ओर जा रहा था और इसमें टेंट का सामान था। यह टेंट मंडी में शादी समारोह में लगाने के लिए जा रहे थे। हालांकि अभी तक हादसे के पूरे कारणों का पता नहीं चल पाया है।

डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है।