Follow Us:

मंडी: नगर निगम के पहले मेयर को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

बीरबल शर्मा |

नवगठित मंडी नगर निगम के चुनावों की अभी तक तारीख भी तय नहीं हुई है। मगर इसका पहला मेयर किस दल का होगा इसे लेकर भाजपा कांग्रेस के बीच अभी से ब्यानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा के जिला मंडी अध्यक्ष रणवीर सिंह ने दावा किया था कि मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला है और इस जिले को उन्होंने कई बड़े उपहार दिए हैं। नगर निगम के चुनावों में भाजपा एक जुट होकर चुनाव लड़ेगी और निगम का पहला मेयर भाजपा का बनाकर मुख्यमंत्री को तोहफा देगी। उनका यह भी कहना था कि इस समय कांग्रेस बुरी तरह से गुटों में बंटी हुई है और कांग्रेस नेताओं में एक दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ लगी हुई है। कांग्रेस में दलबदलुओं की भरमार है, भ्रष्टाचार में लिपटे हुए लोगों ने कांग्रेस में कब्जा कर रखा है। ऐसे में कांग्रेस को नगर निगम में जीत का ख्वाब लेना छोड़ दें। 

जिला भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और मंडी को मिले शिवधाम, कलस्टर यूनिवर्सिटी, हैलीपैड, बल्ह एयरपोर्ट व संस्कृति सदन जैसे उपहारों का भी जिक्र किया जो मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की देन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता जनता को मुंह दिखाने से कतरा रहे हैं और जनता उन्हें कतई माफ करने के मूड में नहीं है।

इधर, भाजपा अध्यक्ष पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने कहा कि रणवीर सिंह कोई ज्योतिषी नहीं है जो भविष्यवाणी करके बताएंगे कि मंडी नगर निगम का मेयर कौन बनेगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा प्रधान पर तंज कसते हुए कहा कि उनका तो वार्ड ही महिला के लिए आरक्षित हो गया है वह तो अपनी ही वार्ड से पैदल हो गए हैं, न वह अब पंचायत प्रधान बनने लायक रहे न नगर निगम के पार्षद ही बन सकेंगे। इससे उन्हें सदमा लगा है और वह अपना सारा गुस्सा अपनी ही पार्टी पर निकालने में लगे हैं। 

प्रकाश चौधरी ने रणबीर सिंह को सलाह दी है कि वह कांग्रेस की चिंता छोड़ कर अपनी पार्टी की चिंता करें।  अनिल शर्मा का नाम लिए बगैर कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज कसा कि उनके मंडी सदर के विधायक तीन साल से पहले ही तड़ी पार है। उन्होंने कहा कि मंडी हमेशा कांग्रेस का गढ़ रहा है। जनता तय करेगी मंडी नगर निगम का मेयर कौन बनेगा। इसके लिए रणबीर सिंह को ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिले में कांग्रेस स्थानीय निकाय व पंचायत चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस अध्यक्ष ने विकास के मामले में कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर केवल सराज के नेता बन कर रह गए हैं। मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश का होता है मगर जय राम ठाकुर तो सराज के बाहर ही नहीं निकल पा रहे हैं।  प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है, अधिकारियों को किसी का डर नहीं है, भाजपा अध्यक्ष को चाहिए कि वह सरकार को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने की सलाह दे न कि उलूल जलूल बातें करके मजाक का पात्र बनें।