Follow Us:

थाना शिकायत कक्ष के जरिए सुधरेगी HP पुलिस की छवि!

पी. चंद |

कोटखाई गुड़िया रेप मर्डर और होशियार सिंह जैसे मामलों के बाद धूमिल हुई पुलिस की छवि को सुधारने के लिए पुलिस महकमे ने प्रयास शुरू कर दिए है। हिमाचल प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस के बहाने अपनी बिगड़ी छवि को सुधारने में जुट गई है।

7 व 8 दिसंबर को हिमाचल पुलिस स्थापना दिवस मनाने जा रही है। जिसको लेकर रिज मैदान पर रिहर्सल चल रही है। लेकिन इससे पहले आज पुलिस प्रमुख सोमेश गोयल शिमला के रिज मैदान पर पहुंचे और थाना शिकायत कक्ष का उद्घाटन किया। इस तरह के थाना शिकायत कक्ष हर जगह होंगे। आज हर जिला मुख्यालय में इस तरह के शिकायत निवारण केन्द्र खोले गए हैं। जिनके माध्यम से महिला, बच्चों और आम लोगों को समाज में हो रहे अपराधों के बारे में जागरूक किया जा सके ताकि वह इनके प्रति सजग रह सके।

डीजीपी सोमेश गोयल ने बताया कि कुछ समय से पुलिस की छवि धूमिल हुई है उसको फिर से ठीक करने के लिए जनता के मन में विश्वास पैदा करना पड़ेगा। पुलिस के सामने आज कई तरह के अपराध सामने आ रहे है जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसलिए आज के समय की जरूरत है कि इन अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए।

गोयल ने कहा कि प्रदेश में साइबर क्राइम, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध एवम क्राइम बढ़ाता जा रहा है। जिसमें साइबर क्राइम से निबटने के लिए 30 पुलिस अफसरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। धर्मशाला के योल में बांटे गए असमाजिक और देश विरोधी पेम्पलेट को लेकर पूछे गए सवाल पर सोमेश गोयल ने कहा कि इस तरह की शिकायत पुलिस को मिली है जिसकी जांच की जा रही है।