Follow Us:

पंजाब: ट्रैक्टर रैली के दौरान बड़ा हादसा, अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत 5 घायल

|

पंजाब के अमृतसर में किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान बड़ा हादसा पेश आया। यहां अटारी वेरका बाईपास स्थित कस्बा वाला में निकाली जा रही रैली में चल रही महिलाओं को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं।

हादसे के बाद लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालक की पहचान सुख पुत्र गुलजार सिंह निवासी गांव मक्खण विंडी के रूप में हुई है जो राज मिस्त्री का काम करता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को ट्रैक्टर चलाना नहीं आता था। न ही उसके पास कोई लाइसेंस था। पुलिस ने घटना स्थल को चारों तरफ घेर लिया। इस हादसे के बाद ट्रैक्टर परेड भी स्थगित हो गई।

     

जानकारी के अनुसार, किसान संगठनों द्वारा 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालने की घोषणा की थी। इस परेड में शामिल होने के लिए इलाके के गुरुद्वारा साहिबान से घोषणा भी की जा रही थी। जिस कारण मंगलवार दोपहर तक वल्ला बाईपास के नजदीक सैकड़ों ट्रैक्टर ट्राली जमा हो गए। इस परेड में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं बच्चों के साथ परेड के आगे चल रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक पानी का टैंकर अपनी ट्राली में लाद रहा था। जैसे ही वह महिलाओं के पास पहुंचा, उसने ट्रैक्टर से अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रैक्टर महिलाओं को रौंदता हुआ कई मीटर तक चलता रहा।