Follow Us:

ऊनाः अंब के जंगल में सड़ी-गली अवस्था में मिले 15 दिन से लापता युवक और युवती के शव

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला ऊना में एक युवक औऱ युवती का शव बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार अम्ब कस्बे के मनसोह रोड पर जंगल में युवक और युवती का सड़ी गली अवस्था में  शव मिलने के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आज दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति जंगल से लकड़ियां लाने के लिए गया हुआ था। इस दौरान जंगल में एक खाई (चो) नामक जगह पर उक्त युवक और युवती के शव एक साथ पड़े हुए दिखे तो वह चौंक गया। व्यक्ति ने इसकी सूचना अम्ब पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी अम्ब सृष्टि पांडेय ने दलबल सहित मौके का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि मृतक युवक अम्ब कस्बे के मनसोह और युवती नैहरियां गांव की रहने वाली है। युवती अम्ब कॉलेज में ही पढ़ाई कर रही थी। करीब 15 दिन पहले वह घर से कॉलेज गई थी और उस दिन से गायब थी। युवक आईटीआई करने के बाद अम्ब में ही अट्टा चक्की चला रहा था। गत आठ फरवरी को युवती के स्वजनों ने पुलिस थाना अम्ब में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

उधर, डीएसपी अम्ब सृष्टि पांडेय ने बताया कि पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। दोनों शव काफी दिन पुराने लग रहे हैं। जिसके चलते उन्होंने धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। उनके आने के बाद और जांच के बाद ही इस बात की अधिक जानकारी मिल सकती है।