Follow Us:

धर्मशाला में मेयर डिप्टी मेयर बनाने के लिए भाजपा के पास पूरा समर्थन, 2 आजाद प्रत्याशियों ने भरी समर्थन की हामी: पठानिया

मृत्युंजय पुरी |

धर्मशाला नगर निगम में विजेता आठ भाजपा पार्षदों और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नगर निगम में महापौर और उपमहापौर बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई है। कॉफी हाउस में आपसी मंत्रणा के बारे में जानकारी देते हुए वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि धर्मशाला नगर निगम में महापौर-उपमहापौर बनाने के लिए भाजपा को पूरा समर्थन हासिल हो गया है। इस बाबत अब दो निर्दलीय तौर पर विजेता पार्षदों सर्वचंद तथा डिंपल ने भी भाजपा के साथ मिलकर नगर निगम के गठन के लिए अपना समर्थन देने के लिए हामी भर दी है। इससे पहले आठ अप्रैल को भाजपा पार्षदों की बैठक में एक निर्दलीय प्रत्याशी ने हाजिरी भरी थी लेकिन अब दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी भी भाजपा के समर्थन में खुलकर सामने आ गया है।

राकेश पठानिया ने कहा कि अब भाजपा के पास दस पार्षदों का समर्थन हो गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम धर्मशाला के चुनावों में भाजपा मत प्रतिशतता हासिल करने में कांग्रेस से आगे रही है और कांग्रेस को नगर निगम से बाहर का रास्ता दिखाया है। भाजपा ने हमेशा ही विकास को प्राथमिकता दी है और भविष्य में भी इस अभियान को जारी रखा जाएगा। स्मार्ट सिटी धर्मशाला की तस्वीर तथा तकदीर बदलने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के गठन के बाद धर्मशाला के लिए निर्धारित विकास के प्लान के आधार पर ही तेज गति के साथ कार्यों को आरंभ किया जाएगा ताकि पर्यटन नगरी धर्मशाला में पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए 334 करोड़ रुपये की परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 296 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को प्लान तैयार किया जा रहा है। पठानिया ने कहा कि 181 करोड़ रुपये की 28 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है व 41 करोड़ की 6 परियोजनाओं की निविदाएं आमन्त्रित की गई हैं।