Follow Us:

कांगड़ा: बीड़ बिलिंग से लापता पैराग्लाइडर पायलट रोहित भदोरिया का जालसू के पास मिला शव!

पी. चंद |

विश्व भर में पैराग्लाइडिंग के लिए प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग घाटी से लापता हुए पैराग्लाइडर पायलट रोहित भदोरिया का जालसू के पास शव मिला है। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि जो शव मिला है वे रोहित का ही है या किसी और का। लेकिन जिस जगह ये शव मिला है उसी जगह गत माह सर्च अभियान में जुटी टीम को रोहित का कुछ सामान मिला है। इसी अधार पर ये माना जा रहा है कि जो शव मिला है वे रोहित भदोरिया का हो सकता है। 

बता दें कि रोहित भदोरिया (45) मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले थे और पिछले लंबे समय से बीड़ में रह रहे थे। इसी साल 8 जनवरी को उन्होंने बिलिंग से उड़ान भरी थी। कुछ घंटों की उड़ान के बाद उतराला से ऊपर की पहाड़ियों से अचानक रोहित लापता हो गए थे। रोहित को ढूंढने के लिए माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट सहित कई रेस्क्यू टीमें हेलीकॉप्टर और ग्राउंड स्तर पर जुटी थी। लेकिन उनका कही कोई सुराग नहीं मिल पाया।

इसी बीच रोहित की खोज में जुटी एक टीम को 12 अप्रैल को जालसू के पास जोड़ा धड़वे में रोहित का कुछ सामान मिला था। लेकिन बर्फ होने के चलते यहां अधिक दिनों तक सर्च अभियान नहीं हो पाया था। इसके बाद एक बार फिर रोहित के दोस्तों और परिजनों ने रेस्क्यू टीम उसी स्थान पर भेजी थी। जहां रोहित के शव होने की सूचना मिली है।