Follow Us:

जयराम के घर में गरजे कांग्रेसी, कौल बोले- हारते रहे हैं भाजपा के सीएम, जयराम ठाकुर भी हारेंगे

बीरबल शर्मा |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के मंडी जिले के दौरे के पांचवें दिन कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज के जंजैहली में खूब गरजे। जंजैहली में जोरदार स्वागत के बाद हुई जनसभा में कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मैंने सोचा कि मंडी जिले और खास कर सराज में खूब विकास हुआ होगा मगर यहां आकर तो तस्वीर और ही नजर आई। सड़कों का बुरा हाल है, विकास कहीं नजर नहीं आता है, लोग महंगाई से जूझ रहे हैं। 

राठौर ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में उनका भव्य स्वागत हुआ है, अपना भीड़ लोगों की उमड़ी है उससे 2022 में बदलाव के साफ संकेत मिलते हैं। उन्होंने कहा कि सराज कांग्रेस का गढ़ रहा है मगर कांग्रेसियों के कई गुट होने के कारण यहां पर भाजपा जीत जाती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सराज के सभी नेताओं से कहा कि जिसे भी पार्टी टिकट देगी उसके साथ चलें और जीत हासिल करें। पार्टी के पास सभी नेताओं को देने के लिए बहुत कुछ है और सब का समय आएगा। 

इधर, इस जनसभा में कौल सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि वह कहते हैं कौल सिंह को घर बिठा दिया, मगर वह यह भूल रहे हैं कि मैं आठ बार जीता हूं, हारे तो जयराम भी हैं, जयराम ठाकुर ने पहला विधानसभा चुनाव हारा और फिर लोकसभा के एक उपचुनाव में वह प्रतिभा सिंह ने 1 लाख 40 हजार वोटों से हारे। अब वह विधानसभा में भी हारेंगे क्योंकि लोग बदलाव के मूड में हैं। यूं भी भाजपा के सीएम हारते आए हैं, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल की हार हुई है और अब जयराम ठाकुर की बारी है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस ने सरकार छोड़ी थी तो प्रदेश पर 40 हजार करोड़ का कर्जा था मगर जय राम ठाकुर सरकार हर पांच महीने में कर्जा ले रहे हैं और अब यह कर्जा बढ़ कर 65 हजार करोड़ हो गया है। प्रदेश की आर्थिक दशा खराब है, विकास का पैसा बड़े बड़े होर्डिंगों पर खर्च किया जा रहा है, अधूरे कामों के उदघाटन किए जा रहे हैं। कौल सिंह ने कहा कि प्रदेश में अगली सराकर कांग्रेस की होगी, 50 से ज्यादा विधायक जीत कर आएंगे और कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिभा सिंह को लोक सभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाने की कोशिश हो रही है। अंतिम फैसला हाइकमान को लेना है। 

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने कहा कि सराज में भी विकास नहीं हो रहा है, पूरे प्रदेश में ही विकास के काम ठप पड़े हैं, लोगों का भाजपा सरकार से मोह भंग हो चुका है। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी व प्रदेश महासचिव चेत राम ठाकुर के पक्ष में बार बार अगला उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर नारे लगते रहे। जंजैहली चेत राम ठाकुर का गृह कस्बा है और उन्होंने यहां पर कांग्रेस की बड़ी जनसभा करवाकर अपना लोहा साबित किया है।