Follow Us:

सेब से भरी पिकअप हादसे का शिकार, दो भाइयों की मौत

|

ठियोग में सेब से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर आज सवेरे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में पिकअप सवार दो भाइयों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक घम्भीर रूप से घायल बताया जा रहा हैं। हादसा ठियोग थाना क्षेत्र के तहत लीलुपुल के पास हुआ। 

हादसे की सूचना मिलते ही ठियोग पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और मृतकों व घायल को खाई से निकलने का कार्य आरम्भ किया। घायल की नाजुक स्थिति के चलते इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला में रेफर किया गया है। 

दुर्घटना में मारे गए दो सगे भाइयों की पहचान 33 वर्षीय प्रताप सिंह और 27 वर्षीय अनूप सिंह पुत्र कांशीराम निवासी गांव बागड़ा तहसील ठियोग के रूप में हुई है। घायल का नाम दीपक (15) है और वह चियोग का रहने वाला है। पिकअप को प्रताप सिंह चला रहा था। 

पुलिस के मुताबिक बोलेरो पिकअप एच.पी.  30 ए 0292 में 3 लोग सवार थे। पिकअप  चौपाल से फल मंडी शिमला की ओर जा रही थी। तड़के करीब 3:00 बजे लीलुपुल में पेट्रोल पंप के पास पिकअप गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों ने गिरने की आवाज़ सुनकर पुलिस को हादसे की सूचना दी।