Follow Us:

मंडी: लंबी जद्दोजहद के बाद अफगानिस्तान से वापस अपने घर पहुंचा नवीन

|

अफगानिस्तान में बिगड़े हालात के बाद घर वापसी के लिए लंबी जद्दोजहद के बाद हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट का नवीन ठाकुर सोमवार देर रात को अपने घर पहुंच गया है। जैसे ही नवीन घर पहुंचा तो पूरा परिवार भावुक हो उठा। वहीं, घर पहुंचने की खुशी में नवीन की आंखें भी छलक उठीं। परिवार वालों ने अपने लाल का पूरी गर्मजोशी से स्वागत किया। मां ने खुशी में उसके मनपसंद पकवान बनाकर रखे थे। वहीं, बहनों ने भी अपने भाई की आरती उतारकर स्वागत किया।

नवीन ने बताया कि अफगानिस्तान में संकट के बाद भारत तक पहुंचने के लिए उसे लंबी जद्दोजहद करनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं और माता-पिता के आशीर्वाद से वे घर पहुंच गए हैं और भविष्य में फिर कभी अफगानिस्तान नहीं जाएंगे। वहीं नवीन ने यह भी बताया कि वे सुबह 11 बजे दिल्ली से बस के माध्यम से सरकाघाट के लिए आ रहे थे, तो उनकी बस की एक अन्य गाड़ी के साथ पानीपत के पास टक्कर हो गई। हालांकि, टक्कर मामूली थी लेकिन इस कारण करीब चार घंटों तक जाम लग गया और उस कारण वे चार घंटा देरी से अपने घर पहुंचे.।नवीन ने 7 बजे घर पहुंचना था, लेकिन बस रात को 11 बजे सरकाघाट पहुंची।

उधर सरकाघाट का दूसरा बेटा राहुल बराडी सोमवार को लंदन से कतर पहुंच गया है, वहां से उसे आज दिल्ली के लिए फ्लाइट मिलेगी। राहुल के आज शाम तक घर पहुंचने की सम्भावना है। दोनों के परिजन अपने बेटों के सुरक्षित आने की खुशी में फूले नहीं समा रहे। राहुल के पिता बलवंत सिंह बराड़ी ने कहा कि राहुल दुबई से लंदन और वहां से कतर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। मंगलवार को दिल्ली पहुंचेगा और शाम तक राहुल की घर पहुंचने की सम्भावना है।