Follow Us:

नाईजीरिया में बंधक बने हिमाचली युवक छूटे, विदेश मंत्री ने दी जानकारी

पंकज चम्बियाल |

कई दिनों से नाइजीरियाई प्रशासन की हिरासत में फंसे 4 भारतीयों को भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मदद से रिहा करवा लिया गया है। इन 4 बंधकों में 2 हिमाचल के रहने वाले हैं। इस मामले में खुद सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए जानकारी दी। 
‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने कैप्टन अतुल शर्मा, सुधीर कुमार, बलविंदर सिंह और व्यास यादव को भारत वापस भेजने का इंतजाम कर लिया है।'' इस मामले पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आगे लिखा, 'मैं नाइजीरिया में भारतीय उच्चायुक्त बी. एन. रेड्डी के प्रयासों की सराहना करती हूं। हम नाइजीरियाई अधिकारियों को भी उनकी मदद के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हैं।
 
ट्विटर के जरिए की थी रिहाई की अपील
 
इन चार में दो भारतीय नागरिकों ने ट्विटर के जरिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से रिहाई की अपील की थी। चार में एक व्यास यादव नाम एक शख्स ने कहा था कि उन्हें नाइजीरियाई अधिकारियों ने पकड़ लिया है और पिछले तीन महीने से उन्हें लागोस में रखा गया है।
 
रिहाई के लिए बाली ने भेजा था खत
 
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएस बाली ने पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिमाचल के दोनों नाविकों की सुरक्षा और रिहाई की मांग की थी। जीएस बाली ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी इस मामले से अवगत करवाया था।
 
 
बता दें रिपोट्स के मुताबिक इन चार भारतीयों को नाइजीरियाई सरकार ने उस वक्त पकड़ा जब वो एक पोत पर सफर कर रहे थे। नाइजीरियाई अधिकारी पहले हुए किसी अपराध में शामिल पोत की तलाश में थे।