Follow Us:

भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर मैदान में उतरी युवा कांग्रेस, शुरू किया डोर-टू-डोर प्रचार

पी.चंद |

उपचुनावों के लिए हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस मैदान में उतर गई है। शनिवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने अपनी पूरी टीम के साथ महामृत्युंजय मंदिर में माथा टेका और प्रतिभा सिंह की जीत का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही आज मंडी से युवा कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए डोर टू डोर प्रचार अभियान की शुरूआत की।

निगम भंडारी ने कहा कि उन्होंने भगवान शिव से ये प्रार्थन की है कि जिस तरह उन्होंने अल्प मृत्यु योग से ऋषि मार्कंडेय की रक्षा की थी उसी तरह से देश के किसानों, मजदूरों, गरीबों की रक्षा भी भाजपा की मोदी सरकार से करें।

भंडारी ने कहा कि अगर देश में मोदी सरकार सत्ता में बनी रही तो किसानों, मजदूरों, गरीबों और आम लोगों का जीवन महंगाई, बेरोजगारी, खेती की प्राइवेटाइजेशन से बदहाल हो जाएगा। इसका परिणाम गरीबों की आत्महत्या और भुखमरी के कारण होने वाली मौत होगा। उन्होंने कहा कि महामृत्युंजय मंत्र के जाप द्वारा हमारी भगवान शिव शंकर से प्रार्थना है कि इस यमराज रूपी सरकार को सत्ता से बाहर कर देश को बचा लें।